बॉलीवुड और क्रिकेट का रिश्ता दशको पुराना है जिसका आधार चाहे क्रिकेटरों और फिल्मी नायिकाओं के प्रेम संबंध रहे हो या फ़िर खिलाडियों का फिल्मो में अभिनय! भले ही क्रिकेट के दिग्गजों को मिली सफलता ऊंट के मुंह में जीरा वाली कहावत को चरितार्थ करती हो लेकिन इनको लेकर बॉलीवुड में गर्मजोशी का जो आलम रहता है, वह बेहद काबिलेगौर है! हाल-फिलहाल सिल्वर स्क्रीन पर वह दिग्गज खिलाडी कदम रखने जा रहा है, जिसके बल्ले ने पिछले 18 वर्षो से विश्व क्रिकेट पटल पर जबरदस्त तहलका मचा रखा है और तकरीबन क्रिकेट के अधिकांश रिकोर्ड उसका ही दामन थामे हुए है! मृदुल व्यवहार और सामाजिक कार्यो में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की उसकी आदत ने तो लाखो-करोडो लोगो को पहले ही अपना मुरीद बना रखा है और अब क्रिकेट का सच्चा भक्त अपनी धार्मिक आस्था को फ़िल्म के माध्यम से व्यक्त करने को तैयार है! जी हाँ, अब मास्टर ब्लास्टर सचिन रमेश तेंदुलकर बॉलीवुड की पिच पर उतरने की हामी भर चुके है और उनकी बॉलीवुड की पारी का सभी को बेसब्री से इंतजार है!
टेस्ट और एकदिवसीय में रिकोर्डो का अंबार लगाने वाले मुम्बईया उस्ताद सचिन तेंदुलकर हिंदू देवता गणेश पर बनने वाली विध्नहर्ता श्री सिध्दिविनायक नामक फ़िल्म में अपने अभिनय कौशल के जौहर बिखेरेंगे! इस फ़िल्म के निर्माण की जिम्मेदारी मुम्बई स्थित सिध्दिविनायक मन्दिर की देखरेख करने वाला ट्रस्ट निभा रहा है! प्रोडक्शन का काम देख रहे कंपनी के मुखिया राजीव संघवी के मुताबिक सचिन की फ़िल्म में भूमिका छोटी होगी और वह फ़िल्म में गीत में दिखाई देंगे, जिसके लिए उन्हें मेहनताना नही मिलेगा! सचिन की सिल्वर स्क्रीन पर उतरने की पुष्टि उनके जनसंपर्क कंपनी ने भी कर दी है! इस फ़िल्म में बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन अपनी आवाज देंगे, जिनकी सचिन के साथ नजदीकिया जगजाहिर है! मैदान पर चौके-छक्के का लुत्फ़ उठाने वाले तमाम खेलप्रेमियों को सचिन की इस नई पारी का पूरी उत्सुकता के साथ इंतजार है, लेकिन रील के माध्यम से ख़ुद को साबित करने की कड़ी चुनौती भी सचिन के सम्मुख मुंह बांहे खड़ी है, जिसका आधार पूर्व में जोर आजमाईश कर चुके खिलाडियों की कमजोर अभिनय क्षमत या असफलता है! सचिन से पहले भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान अनिल कुंबले ने भी 'मीरा बाई नॉट आउट' में मेहमान भूमिका का निर्वाह किया है! प्रीतिश नंदी कम्यूनिकेशन बैनर के तले बनी इस फ़िल्म के निर्माता चन्द्रकान्ता कुलकर्णी है! कुंबले को इस फ़िल्म में क्रिकेट कमेंटेटर मंदिरा बेदी,महेश मांजरेकर,अनुपम खेर और चारु शर्मा के साथ ख़ुद को क्रिकेट के मैदान की तरह रुपहले पर्दे पर खरा साबित करने का मौका मिला है!
पुराना है सिलसिला
क्रिकेट खिलाडियों ने बेशक ऑन द फील्ड और ऑफ़ द फील्ड अपना जलवा बिखेरा हो लेकिन बॉलिवुड उन्हें कभी रास नही आया! एकाध खिलाड़ी की कामयाबी को अपवाद मान लिया जाए तो अधिकांश को बॉलीवुड में ख़ुद को स्थापित करने की दिशा में मुंह की खान पड़ी है! बहरहाल, क्रिकेटरों का बॉलीवुड के प्रति पहला प्यार सलीम अजीज दुर्रानी के रूप में नजर आया था! 1973 में दुर्रानी ने बी.आर.इशारा की चरित्र में अबिनय किया जो कि बॉलीवुड की चुलबुली अदाकारा परवीन बॉबी की पहली फ़िल्म थी! ब्लैक एंड व्हाइट इस फ़िल्म में सबकुछ औसत था सिवाय बॉबी के, क्योकि बॉलीवुड को उनके रूप में एक प्रतिभावान हिरोइन मिली! मैदान पर धमाल मचाने वाले दुर्रानी अपने अभिनय से कोई छाप नही छोड़ सके जबकि उनसे सभी को सार्थक अभिनय की उम्मीद थी! पूरी तरह बॉलीवुड हीरो के रूप में रुपहले पर्दे पर कदम रखने वाले दुर्रानी कोइस फ़िल्म में काम करने के एवज में 80000 रुपये मिले थे जो उस दौर में काफी बड़ी रकम थी! इस फ़िल्म के बाद दुर्रानी ने 'आखिरी दिन और पहली रात' में भी काम किया लेकिन ये फिल्म सिनेमाघरो में दस्तक नही दे सकी!
टीम इंडिया द्वारा 1983 विश्व कप जीतने का खुमार लोगो के सिर चढ़कर बोल रहा था और इसी दौरान यानि 1985 में कभी अजनबी थे संदीप पाटिल, सयैद किरमानी और लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर ने सिल्वर स्क्रीन पर पदार्पण किया! इस फ़िल्म में पाटिल ने मुख्य भूमिका निभाई थी जबकि किरमानी और गावस्कर को भी दमदार रोल मिला था! बहरहाल, काफ़ी प्रसार-प्रचार के बावजूद यह फिम बॉक्स ऑफिस पर दम तोड़ गई! हालांकि किरमानी ने अपने दमदार अभिनय से बॉलीवुड में भी सफलता की उम्मीद बंधाई थी, पर ऐसा न हो सका! इस फ़िल्म में विंडीज के महान खिलाडी क्लाइव लोयड ने भी मेहमान की भूमिका निभाई थी! सुनील गावस्कर ने 'कभी अजनबी थे' के अतिरिक्त मराठी फ़िल्म 'सावली प्रेमाची', 'जाकोल' और 1988 में हिन्दी फ़िल्म 'मालामाल' में हाथ आजमाए, पर वह सफल नही हो सके! यानि मैदान में हरदम छाया रहने वाले ये जांबाज बॉलीवुड की पिच पर लंबा नही टिक सका!
सलिल अंकोला- एकमात्र क्रिकेटर जिन्हें कुछ हद तक सफलता हासिल हुई.
गावस्कर के फ्लॉप शो के बाद सचिन तेंदुलकर के बाल सखा विनोद कांबली ने मायानगरी में अपनी किस्मत आजमाई और इसमे उनका पूरा पूरा साथ दिया सुनील शेठ्ठी और संजय दत ने! 2002 में रवि दीवान द्वारा बनाई गई 'अनर्थ' फ़िल्म में क्रिकेटरों के लिए अच्छी ख़बर नही लाई! हालांकि इसके बाद भी कांबली कुच्छेक एलबम और फिल्मो में नजर आए लेकिन वह औसत सफलता ही हासिल कर सके! कांबली के बाद बॉलीवुड का रुख अजय जडेजा ने किया जिनको की उस दौर में युवाओं के बीच खासी लोकप्रियता हासिल थी! मैच फिक्सिंग की सजा भुगत रहे हरफनमौला जडेजा को सुनील शेठ्ठी के प्रोडक्शन की फ़िल्म 'खेल' में मौका मिला! सुनील शेठ्ठी,सन्नी देओल और सेलिना जेटली स्टारर ये फ़िल्म बॉक्स ऑफिस खिड़की पर बुरी तरह पिटी और अजय जडेजा का फिल्मी सफर यही थम गया! लेकिन तमाम दिग्गज क्रिकेटरों की बॉलीवुड की फ्लॉप पारी के बावजूद सलिल अंकोला एक ऐसा नाम है जिसने रुपहले पर्दे पर अलग और सकारात्मक छाप छोड़ने की कोशिश की! बॉलीवुड में सफल रहने वाले अंकोला टेलीवुड में भी जाना पहचाना नाम है! 2003 में जायद खान के साथ 'चुरा लिया है तुमने' में नकारात्मक भूमिका निभाने के लिए फ़िल्म मैगजीन अवार्ड के लिए नामित वह एक क्रिकेटर है जिन्होंने मायानगरी में अपने हाथ आजमाए है! अंकोला का ख़ुद मानना है कि अभिनय मेरे लिए नया क्षेत्र था और मैंने कठिन परिश्रम के दम पर ख़ुद में सुधार किया है! पूर्व मध्यम तेज गेंदबाज अंकोला संजय दत के साथ 'कुरुक्षेत्र' फ़िल्म करने के आलावा टेलीविजन पर 'चाहत और नफ़रत', 'कोरा कागज़' आदि सीरियलों में अपनी अभिनय क्षमता दर्शा चुके है!
महान आलराउंडर कपिल देव भी फिमो में अभिनय कर चुके है जिनमे नागेश कुकनूर की 'इक़बाल' को तो खासी चर्चा और सफलता हासिल हुई थी! इस फ़िल्म को नेशनल अवार्ड से नवाजा गया था! जबकि अक्षय कुमार, सलमान खान और प्रियंका चोपडा स्टारर 'मुझसे शादी करोगी' में उन्होंने मेहमान क्रिकेटर की भूमिका निभाई थी! इस फ़िल्म में हरभजन सिंह,जवागल श्रीनाथ,पार्थिव पटेल और आशीष नेहरा ने भी मेहमान का किरदार निभाया था!
भारतीय क्रिकेटरों के आलावा पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहसिन खान भी बॉलीवुड में हाथ अजमा चुके है! बॉलीवुड नायिका रीना रॉय से शादी करने वाले मोहसिन ने जेपी दाता की 'बटवारा' और महेश भट्ट की 'साथी' में काम किया है! कुच्छ समय पहले रावलपिंडी एक्सप्रेस शोएब अख्तर की निर्माता संघमित्रा चौधरी की फ़िल्म 'मै और मेरी हिम्मत' में काम करने की खबरों ने सबका ध्यान आकर्षित किया लेकिन उन्होंने लंबी कवायद के बावजूद एक्टिंग नही की! फिलहाल उनकी जगह डोपिंग में फंसे पाक स्पीड स्टार मोहम्मद आसिफ इस फ़िल्म में अभिनय करने के कारण सुर्खियों में है!
ब्रेट ली का भारत और बॉलीवुड के प्रति लगाव तो जगजाहिर है ही और अब वह 'विक्ट्री' फ़िल्म के जरिये सिल्वर स्क्रीन पर कदम रख रहे है. इसमे उनके अलावा कई और दिग्गज क्रिकेटर भी है.
इसके अतिरिक्त एक और फ़िल्म 'विक्ट्री' क्रिकेट थीम पर बन रही है! जिसमे कंगारू क्रिकेटर ब्रेट ली,स्टुअर्ट क्लार्क,जेसन गिलेस्पी,माइकल हसी,साइमन केटिच और एलन बॉर्डर, इंगलैंड के साइमन जोन्स और साजिद महमूद तथा न्यूजीलैंड के क्रेग मैकमिलन,डेरेल टफी,नाथन एसतल और मार्टिन क्रो के अतिरिक्त प्रवीन कुमार,आरपी सिंह,दिनेश कार्तिक,पंकज सिंह सहित कुछेक जाने-पहचाने भारतीय युवा क्रिकेटर काम कर रहे है! जबकि फ़िल्म में अंपायर का किरदार ऑस्ट्रेलिया के डेरेल हार्पर निभा रहे है!
एडलैब्स की इस फ़िल्म को विवेक अग्रवाल और अजीत पाल निर्देशित कर रहे है! इस फ़िल्म में हरमन बावेजा और अमीषा पटेल भी मुख्य भूमिकाओं में है!

लोड हो रहा है...